पटना, 17 अक्तूबर (पटना डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत 134-उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र में तैनात जनरल ऑब्जर्वर श्री अभिषेक सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों की भौतिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और मतदाताओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने विद्यालय परिसरों में चल रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की और बच्चों को लोकतंत्र के महत्व को समझाते हुए मतदान के अधिकार के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO), विद्यालय प्रधानाध्यापक (HM) एवं अन्य शिक्षकों-कर्मियों से आत्मीय संवाद भी स्थापित किया।

उन्होंने कहा, “मतदाता जागरूकता ही सशक्त और जिम्मेदार लोकतंत्र की नींव है। हर नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।”
जनरल ऑब्जर्वर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर समुचित सुविधा, सुलभता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए ताकि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के उपरांत श्री सिंह ने तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और प्रशासन पूरी तत्परता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटा है।
निरीक्षण समाप्त होने के बाद वे गेस्ट हाउस के लिए रवाना हो गए।

