नई दिल्ली, 29 सितम्बर (अशोक “अश्क”) राजधानी दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को ईस्ट विनोद नगर डिपो से 300 ‘देवी’ इलेक्ट्रिक ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। इस पहल के तहत यमुनापार में 21 नए रूट शुरू किए गए हैं, जिनमें 625 बस स्टॉप शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए सेवा पखवाड़े के अंतर्गत दिल्लीवासियों को प्रतिदिन कोई न कोई नई सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि इन 300 ई-बसों के साथ दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन में एक नया युग शुरू हो गया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि यह केवल संख्या नहीं, बल्कि रणनीतिक बदलाव है, जिससे अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में बसों के रूट चार्ट का भी अनावरण किया गया। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि बीते छह महीनों में दिल्ली में 2900 नई बसें शुरू की गई हैं और डीटीसी को फिर से सम्मान दिलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों की मदद से रूटों का पुनर्निर्धारण किया गया है। भीड़भाड़ वाले रूटों पर अधिक बसें चलाई जाएंगी, जबकि खाली चलने वाले रूटों पर फेरों में कटौती की गई है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि बारिश में रील बनाने वालों को अगले साल मौका नहीं मिलेगा, क्योंकि ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है।

