पूर्णिया, 1 सितंबर (राजेश कुमार झा) पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने की खबर फैलते ही देश की बड़ी टैक्सी सेवा कंपनियों ने यहां अपनी तैयारी तेज कर दी है। अब तक 100 से अधिक कारों को हायर किया गया है और रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा रहे हैं। इन कंपनियों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उचित कीमत पर बेहतर सुविधा प्रदान करना है।एक बड़ी टैक्सी कंपनी ने बिफरप्रिंट डिजिटल से बातचीत में बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने से करीब 13 जिलों के यात्रियों को फायदा होगा। वे यात्रियों की सुविधा के लिए सही दाम में अच्छी गुणवत्ता वाली गाड़ियां उपलब्ध कराएंगे।

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्णिया में एक टैक्सी हब स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है, जो सेवा को और बेहतर बनाएगा।
हालांकि, बड़ी कंपनियों के आने से स्थानीय टैक्सी वालों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही, यात्रियों को टैक्सी सेवा के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग करना अनिवार्य होगा।
पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल यात्रा व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे स्थानीय लोगों को लाभ होगा।

