
पटना, 14 फरवरी (अविनाश कुमार) बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी अपडेट आई है। बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने सेकेंड इंटर लेवल भर्ती 2023 में 1107 नए पद जोड़ दिए हैं। अब कुल रिक्तियों की संख्या 25,311 से बढ़कर 26,426 हो गई है। हालांकि पद बढ़ाए गए हैं, लेकिन आवेदन तिथियों में कोई अतिरिक्त राहत नहीं दी गई।

रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 थी, जबकि पूर्ण रूप से फॉर्म सब्मिट करने की आखिरी तारीख 16 फरवरी 2026 निर्धारित है।सूत्रों के अनुसार, इस बहुप्रतीक्षित भर्ती के लिए 33 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। भर्ती वर्ष 2023 में निकली थी और तब से पदों की संख्या कई बार बढ़ाई जा चुकी है। आवेदन तिथि भी एक से अधिक बार बढ़ाई गई, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार तिथि विस्तार से परीक्षा कैलेंडर प्रभावित हो रहा है।

चयन प्रक्रिया तीन चरणों में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और स्किल टेस्ट में होगी। प्रारंभिक परीक्षा में 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। अवधि 2 घंटे 15 मिनट होगी और प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। परीक्षा तिथि की घोषणा का अब लाखों उम्मीदवार इंतजार कर रहे हैं।

