अररिया, 03 दिसम्बर)निज संवाददाता) जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत खाबदा कन्हैली मध्य विद्यालय में तैनात शिक्षिका शिवानी कुमारी (28 वर्ष) की बुधवार सुबह अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। शिवानी रोज की तरह स्कूटी से स्कूल जा रही थीं,तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर उनकी कनपटी में गोली दाग दी।गोली लगते ही शिक्षिका सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच कर गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना सुबह लगभग 9 बजे की बताई जा रही है।अपराधियों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। शिवानी कुमारी की हत्या से पूरे शिक्षक समाज में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

