गोपालगंज, 11 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले की मीरगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने बीपीसीएल के प्लांट से चोरी गई 20 लाख रुपये की दो रेडियोग्राफी मशीनों के साथ चार चोरों को गिरफ्तार किया है। ये मशीनें भारत पेट्रोलियम के नवनिर्मित गैस प्लांट से चोरी गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 8 घन्टे के सफलता प्राप्त किया है। गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा किया गया। पुलिस ने चोरी की गई दोनों मशीनें बरामद कर चारों अभियुक्तों को हिरासत में लिया है।हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि 7 अक्टूबर को मीरगंज थाना में बीपीसीएल हथुआ मीरगंज शुगर मील में कार्यरत शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के खोजा गाछी गांव निवासी विकास कुमार द्वारा अज्ञात चोरों पर दो रेडियोग्राफी मशीन चोरी करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) जादूगुड़ा एवं नरौरा की टीम के वैज्ञानिक सहयोग से जांच शुरू की। वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान कर पुलिस ने रेडियोग्राफी मशीनों के साथ चार चोरों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार चोरों में
1.प्रिंस कुमार, पिता किशुनदेव प्रसाद, निवासी हरखौली पूरब टोला, मीरगंज
2.दिनेश शर्मा, पिता महेश शर्मा, निवासी सवरैजी, मीरगंज
3.विनय शर्मा, निवासी सवरैजी, मीरगंज
4.पिंटू कुमार, पिता कृष्णा प्रसाद, निवासी तमकुही रोड,थाना तमकुही, जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश)
पुलिस ने इनके पास से लगभग 13 लाख मूल्य की रेडियोग्राफी मशीन डेल्टा 880 (1-R-192) और 7 लाख मूल्य की रेडियोग्राफी मशीन रोली (Ir-192) बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, रेडियोग्राफी मशीनें औद्योगिक परीक्षणों और अन्य तकनीकी कार्यों में प्रयोग की जाती हैं तथा इनमें रेडियोएक्टिव स्रोत भी मौजूद होते हैं। ऐसे में इनकी चोरी सुरक्षा दृष्टि से बेहद गंभीर मामला माना जा रहा था।
पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के पीछे उनका उद्देश्य क्या था और क्या इस गिरोह के किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से संबंध हैं।

