पटना, 11 अक्तूबर (पटना डेस्क) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आज अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से की। यह इलाका राजद नेता तेजस्वी यादव का गढ़ माना जाता है।

प्रशांत किशोर ने वैशाली जिले के इस क्षेत्र में घूम-घूमकर आम लोगों से मुलाकात की, खासकर महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।महिलाओं ने शिकायत की कि इलाके में न तो स्कूल है और न ही अस्पताल।

बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और बीमारी की हालत में पटना तक जाना पड़ता है। प्रशांत किशोर रुस्तमपुर चौक, कबीर चौक, पहाड़पुर और प्रखंड कार्यालय के आस-पास के इलाकों में भी गए, जहां लोगों ने बताया कि गंगा दियारा का यह क्षेत्र लगभग साल भर पानी में डूबा रहता है, लेकिन विधायक तेजस्वी यादव कभी इलाके में झांकने तक नहीं आते।प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पार्टी में उम्मीदवार जनता चुनेगी।

इसलिए वह खुद राघोपुर आकर जनता की राय जानने आए हैं। अगले दो दिनों में पार्टी तय करेगी कि यहां से कौन उम्मीदवार होगा।इस दौरान उन्होंने माता महारानी मंदिर में पूजा-अर्चना की और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

