पटना, 14 अक्तूबर (पटना डेस्क) नालंदा जिले के राजगीर थाने में पदस्थापित एएसआई सुमन तिर्की ने मंगलवार को अपने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

इसकी जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना राजगीर थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अपने अभिरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है। राजगीर एसडीपीओ सुनील कुमार ने बताया कि एएसआई सुमन तिर्की झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत धाबरा थाना क्षेत्र के बिहार भटौली गांव निवासी सुशील तिर्की के पुत्र थे। वे डायल 112 आपातकालीन सेवा में कार्यरत थे और बीते एक वर्ष से राजगीर में पदस्थापित थे। प्रथम दृष्टया घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। दारोगा अपनी पत्नी को राजगीर में ही साथ में रखते थे।

