पटना, 3 सितम्बर (अशोक “अश्क”) बिहार की राजनीति में बदलाव की बयार तेज होती जा रही है। मंगलवार को जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव डॉ. अभिषेक मिश्रा, भाजपा नेता रामकेवल गुप्ता और हरिनंदन ठाकुर ने राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन नेताओं को राजद के बिहार इकाई के प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद और प्रदेश महासचिव डॉ. प्रेम कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे। रणविजय साहू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा तैयार किया गया विकास और रोजगार केंद्रित रोडमैप आज युवाओं और किसानों में आशा और भरोसे का संचार कर रहा है। इसी कारण विपक्षी दलों से राजद में शामिल होने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
साहू ने कहा कि तेजस्वी यादव ने नफरत और विद्वेष की राजनीति के विरुद्ध एक सकारात्मक राजनीति की आधारशिला रखी है, जो बिहार के भविष्य के लिए शुभ संकेत है।
एक दिन पहले, राजद के प्रमुख नेताओं शक्ति सिंह यादव, अरुण कुमार यादव, प्रमोद सिन्हा और भाई अरुण ने “वोटर अधिकार यात्रा” की सफलता पर बिहार की जनता को बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि यह यात्रा लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जो भाजपा-एनडीए की चुनावी रणनीतियों को पारदर्शिता और निष्पक्षता की कसौटी पर चुनौती देती है।
नेताओं ने दावा किया कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के प्रति जो विश्वास और समर्थन जताया है, उससे भाजपा-जदयू गठबंधन में बेचैनी साफ झलक रही है।
राजद नेताओं का कहना है कि अब बिहार बदलाव चाहता है। आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत से राज्य में सकारात्मक परिवर्तन और विकास की नई शुरुआत होगी।

