
नई दिल्ली, 18 फरवरी (अशोक “अश्क”) भारत का चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। ये चुनाव उन सदस्यों के स्थान पर होंगे जिनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी।

उम्मीदवार 9 मार्च 2026 तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। सभी 37 सीटों के लिए मतदान 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना भी शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी।यह चुनाव महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश की सीटों के लिए होगा। इन राज्यों में सियासी हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों ने संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है।

जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है उनमें डॉ. भगवत किशनराव कराड, डॉ. फौजिया तहसीन अहमद खान, प्रियंका विक्रम चतुर्वेदी, शरदचंद्र गोविंदराव पवार, रामदास अठावले, ममता मोहंता, सुजीत कुमार, एन.आर. एलंगो, तिरुची सिवा, डॉ. कनिमोझी, साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, भुवनेश्वर कलिता, प्रेम चंद गुप्ता, उपेन्द्र कुशवाहा, हरिवंश नारायण सिंह, किरण चौधरी, डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी सहित कई नाम शामिल हैं।संख्याबल और गठबंधन गणित को देखते हुए कई राज्यों में मुकाबला रोचक होने की संभावना है। खासकर महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राजनीतिक रणनीति निर्णायक भूमिका निभा सकती है। अब सबकी निगाहें 26 फरवरी की अधिसूचना और दलों की आधिकारिक उम्मीदवार सूची पर टिकी हैं।

