समस्तीपुर, 19 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) पटेल मैदान बुधवार को नेटबॉल खिलाड़ियों के जोश और उमंग से गूंज उठा, जब खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय विद्यालय नेटबॉल ओपन ट्रायल प्रतियोगिता 2025-26 की शुरुआत हुई।

उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी सह महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा और नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव संतोष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं स्वयं नेटबॉल खेलकर किया। मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रायल में राज्य के 38 जिलों में से 16 जिलों के कुल 220 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 120 बालिकाएं और 100 बालक शामिल रहे। प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग—अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19—में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा अनुभवी तकनीकी पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। चयनित खिलाड़ियों की सूची गुरुवार को जारी कर दी जाएगी।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में खेल कार्यालय के प्रधान सहायक वरुण कुमार सिंह, शिक्षक सुभीत कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक विनय कुमार विनय, खेल शिक्षक सह जिला नेटबॉल एसोसिएशन के सचिव राहुल कुमार सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिनभर मैदान का माहौल रोमांच और उमंग से भरपूर रहा। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन राज्य में नेटबॉल की प्रतिभाओं को नई दिशा देते हैं।

