
समस्तीपुर, 06 जनवरी (समस्सतीपुर डेस्क) समस्तीपुर में सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब मालगाड़ी का एक टैंक वैगन पटरी से उतर गया। घटना रुसेड़ा घाट स्टेशन के पास हुई, जिससे कुछ देर के लिए रेल परिचालन प्रभावित हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मालगाड़ी समस्तीपुर से खगड़िया की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन रुसेड़ा घाट स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास पहुंची, तेज आवाज के साथ एक टैंक वैगन बेपटरी हो गया।

आवाज सुनते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटना के कारण अप और डाउन लाइन पर आंशिक असर पड़ा।इस मामले में समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि तेल टैंकर मालगाड़ी एनएफआर के नारायणपुर अनंत स्टेशन से आ रही थी। रोसरा स्टेशन के पास एक चक्का जाम हो गया था और एक्सल टूट गया। उसे बदलने के दौरान पूरा वैगन पलट गया। करीब सौ रेलकर्मियों की मदद से देर रात ट्रैक दुरुस्त कर यातायात बहाल कर दिया गया। फिलहाल रेल सेवाएं पूरी तरह सामान्य हैं।

