
बक्सर, 20 फरवरी (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई बक्सर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय “कार्यकर्ता प्रशिक्षण महा अभियान” के तहत शुक्रवार को अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में अहम बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी सह बिहार संस्कृत बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन महामंत्री लक्ष्मण शर्मा ने किया। जिला अध्यक्ष ने प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए इसे संगठन सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। शाहाबाद क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रमुख नवीन निश्चल चतुर्वेदी ने विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी।

मुख्य वक्ता मृत्युंजय झा ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर कार्य करती है। 7 मार्च से 14 अप्रैल तक जिले के सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे, जिनमें पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया जाएगा।

