बिहारशरीफ (अविनाश पांडेय) भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को झूठ और फरेब की यात्रा करार देते हुए कहा कि यह पूरी तरह फ्लॉप साबित हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी चुनाव में हार की आशंका से बौखलाकर अब संवैधानिक संस्थाओं, खासकर चुनाव आयोग को निशाना बना रही है। शाहनवाज मंगलवार को मेहनौर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा, सिर्फ वे लोग इसके पीछे घूम रहे हैं जो टिकट की आस लगाए बैठे हैं। उन्होंने कहा कि वे राहुल की यात्रा के पीछे-पीछे जाकर उनकी पोल खोल रहे हैं।

राहुल गांधी को जननायक कहे जाने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में एक ही जननायक हुए हैं भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर। राहुल को जननायक कहना कर्पूरी जी का और पूरे बिहार का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने नवादा में शहीद भगत सिंह और श्री कृष्ण सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि तक नहीं दी, जो उनके असली इरादों को उजागर करता है।
शाहनवाज ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि विपक्ष सिर्फ बातें कर रहा है, जबकि भाजपा ने जमीन पर काम करके दिखाया है। उन्होंने बताया कि बिहार में 3 लाख करोड़ की लागत से एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, पूर्णिया से हवाई सेवाएं शुरू होंगी, और 10 वंदे भारत, 6 अमृत भारत तथा नमो भारत ट्रेनें चल रही हैं। उन्होंने नालंदा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि राजगीर में ग्लास ब्रिज, जू सफारी और नेचर सफारी से पर्यटन को बढ़ावा मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि राजगीर में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और बिहारशरीफ में हिरण्य पर्वत का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
शाहनवाज ने बताया कि 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया में एक ऐतिहासिक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने नालंदा की जनता से भारी संख्या में गया पहुंचने की अपील की और दावा किया कि इस सभा की भीड़ विपक्ष की कल्पना से परे होगी।
राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए शाहनवाज ने कहा कि माइक मिलते ही वे जोश में आ जाते हैं, लेकिन पहले उन्हें अपने भाई तेज प्रताप यादव के सवालों का जवाब देना चाहिए। जब परिवार में ही एकता नहीं है, तो जनता उन पर कैसे भरोसा करेगी?
प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी जितेंद्र नीरज, जिला उपाध्यक्ष साबो देवी समेत सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

