गोपालगंज, 3 सितम्बर (उषा मिश्रा) बुधवार को शहर के परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जानकी माता की धरती से राहुल और तेजस्वी ने देश की हर मां का अपमान किया है। पीएम मोदी की दिवंगत मां पर की गई अभद्र टिप्पणी सिर्फ मोदी नहीं, पूरे देश की मातृ शक्ति का अपमान है।

राम कृपाल यादव ने कहा कि तेजस्वी अब सिर्फ यादव नहीं, “पिछलग्गू यादव” बन चुके हैं। वोट अधिकार यात्रा के दौरान राहुल आगे और तेजस्वी उनके पीछे ड्राइवर बने रहे। उन्होंने कहा कि कभी लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस के चरणों में पगड़ी नहीं रखी थी, लेकिन उनके बेटे ने आत्मसम्मान तक बेच दिया।
उन्होंने कहा कि मोदी और नीतीश की सरकार ने महिलाओं को सम्मान दिया मुफ्त गैस, शौचालय, नल से जल, आयुष्मान कार्ड, महिला आरक्षण, और रोजगार योजनाओं के माध्यम से। लेकिन INDIA गठबंधन ने बिहार की मिट्टी को बदनाम किया है।
राम कृपाल ने कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए 89 लाख वोटरों की सूची पर भी सवाल उठाया और कहा कि इसमें से कितने बिहारी हैं और कितने घुसपैठिए, यह जनता को बताया जाए।
उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “पप्पू मंडली” भारत की उपलब्धियों पर सवाल खड़े करती है, जबकि पूरी दुनिया भारत की लोकतांत्रिक ताकत का लोहा मान रही है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संदीप गिरी, विधायक कुसुम देवी समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

