
दरभंगा, 23 फरवरी (अजय कुमार) बिहार के दरभंगा जिले के बिरौल अनुमंडल स्थित पटनिया गांव से एक वीडियो ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। मुखिया रीता देवी और जदयू नेता मनोज सुधांशु के बेटे के रिसेप्शन समारोह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई जनप्रतिनिधि मंच पर उत्सवी गीतों पर डांस करते और पैसे लुटाते नजर आ रहे हैं।

वायरल क्लिप में भाजपा नेता व प्रखंड मुखिया संघ के उपाध्यक्ष सह नेउरी पंचायत के मुखिया श्रवण ठाकुर और राजद नेता सह रोहार महमुदा पंचायत के मुखिया पति पृथ्वी चंद्र यादव थिरकते दिख रहे हैं। कार्यक्रम में “मुझे शराबी बना दिया…” और “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल” जैसे गीतों पर प्रस्तुति दी गई। पानी की बोतल को शराब की तरह पेश कर अभिनय भी किया गया। एक दृश्य में श्रवण ठाकुर सिगरेट पीते नजर आते हैं।

वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में राजनीतिक बहस छिड़ गई। हालांकि, श्रवण ठाकुर ने सफाई देते हुए कहा कि समारोह में किसी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि होली के मौके पर पारंपरिक गीतों पर लोग सिर्फ आनंद ले रहे थे और कुछ लोग इसे गलत रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।

