समस्तीपुर, 22 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) जीएसटी में बदलाव के बाद रेलवे में बिकने वाली रेल नीर की कीमतों में 1 रुपये की कटौती की गई है। अब 1 लीटर की बोतल 15 रुपये के बजाय 14 रुपये में और आधा लीटर की बोतल 10 रुपये के बजाय 9 रुपये में यात्रियों को मिलेगी।

यह नई दरें सोमवार से सभी रेलवे स्टेशनों पर लागू कर दी गई हैं। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आईआरसीटीसी ने सभी संबंधित दुकानों को नई दरों के अनुसार बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
रेलवे के स्थानीय वेंडरों द्वारा नई कीमतों की जानकारी दुकानों पर चिपका दी गई है। हालांकि, कई दुकानदारों के पास पुराने दर पर खरीदी गई बोतलों का स्टॉक बचा हुआ है, जिससे असंतुलन की स्थिति बन रही है।
यात्रियों की शिकायतों से बचने के लिए रेल प्रशासन ने दुकानदारों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और पारदर्शिता बनाए रखें।

