नई दिल्ली, 03 फरवरी (सेंट्रल डेस्क) केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 में भारतीय रेलवे को अब तक का सबसे बड़ा बजट आवंटन मिला है। रेल मंत्रालय ने इसकी विस्तृत जानकारी देश के सभी रेल मंडलों को उपलब्ध करा दी है। सोमवार 2 फरवरी को केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि भारतीय रेलवे के लिए कुल 2,78,000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर रेल मंत्री ने विशेष रूप से बिहार को मिले ऐतिहासिक आवंटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश में आधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल और तेज यात्री परिवहन व्यवस्था को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
दी गई जानकारी के अनुसार दीर्घकालिक दृष्टिकोण के तहत सरकार ने सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को ‘ग्रोथ कनेक्टर्स’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। इनमें मुंबई–पुणे, पुणे–हैदराबाद, हैदराबाद–बेंगलुरु, हैदराबाद–चेन्नई, चेन्नई–बेंगलुरु, दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी शामिल हैं। इन परियोजनाओं से यात्रा समय में भारी कमी आएगी और निर्बाध बहु-माध्यमीय आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तर और पूर्वी भारत के लिए प्रस्तावित वाराणसी–पटना–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से यह सफर मात्र 2 घंटे 55 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि दिल्ली–वाराणसी कॉरिडोर पर लगभग 3 घंटे 50 मिनट में यात्रा संभव होगी। रेल मंत्री ने कहा कि इससे बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली को जोड़ने वाला नया आर्थिक कॉरिडोर विकसित होगा।

रेल मंत्री ने दावा किया कि बिहार में रेल बजट में नौ गुना वृद्धि हुई है। वर्ष 2009 से 2014 के दौरान जहां औसतन 1,132 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष आवंटित होते थे, वहीं 2026-27 में यह बढ़कर 10,379 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में राज्य में 1,09,158 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि 3,287 करोड़ रुपये से 98 अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। बिहार में 14 जोड़ी वंदे भारत, 21 जोड़ी अमृत भारत ट्रेनें और पटना–जयनगर नमो भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने भी अपने-अपने स्तर पर बजट प्रावधानों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की।

