
बक्सर, 27 फरवरी (विक्रांत) दानापुर मंडल मुख्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। वित्तीय वर्ष 2025-26 की यह दूसरी बैठक थी, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने की। स्वागत भाषण के बाद समिति के सदस्यों का परिचय लिया गया।

इसके उपरांत मंडल में चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं पर आधारित पावर प्वाइंट प्रस्तुति दी गई, जिसने हालिया प्रगति की तस्वीर सामने रखी।बैठक में विभिन्न स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, खानपान व्यवस्था, माल परिवहन, सुरक्षा, संरक्षा, स्वच्छता और चिकित्सा सेवाओं पर गहन विमर्श हुआ। समिति सदस्यों ने जमीनी स्तर की समस्याओं को उठाते हुए कई रचनात्मक सुझाव दिए। मंडल प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सदस्यों ने पिछले वर्षों में रेलवे द्वारा किए गए व्यापक सुधार कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से यात्रियों को वास्तविक लाभ मिला है।बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक राजीव कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने किया।बैठक के बाद संकेत साफ है—दानापुर मंडल में यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

