समस्तीपुर, 07 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) आजादी के अमर प्रतीक गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को रोसड़ा थाना परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल छा गया। उपस्थित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने किया। उनके साथ जितेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत गीत के इतिहास और इसके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक है, जिसने देशवासियों में आज़ादी की भावना जगाई।
थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने कहा, “वंदे मातरम् हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना जगाता है। सभी कर्मी अपने कर्तव्यों का पालन राष्ट्रहित में निष्ठा और ईमानदारी से करें।” अंत में सभी अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा थाना परिसर देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा।

