समस्तीपुर, 03 दिसम्बर (राजेश झा) रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। पिछले कई दिनों से दुर्गा स्थान से नगर परिषद कार्यालय होते हुए रोसड़ा थाना तक जाने वाली मुख्य सड़क पर नाले का गंदा पानी भरा हुआ है। लगातार फैले बदबूदार पानी ने राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के घरों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की सही व्यवस्था न होने और नाले की सफाई समय पर न होने से जरा-सी बारिश होते ही सड़क नाले में बदल जाती है। गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।निवासियों का आरोप है कि कई बार नगर परिषद को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।इधर, दुकानदारों का कहना है कि सड़कों पर भरे बदबूदार पानी के कारण ग्राहक इस रास्ते से गुजरने से बचते हैं, जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों के फिसलने की घटनाएँ भी बढ़ रही हैं।लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जलजमाव की इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।

