समस्तीपुर, 06 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतज़ाम किए थे। हर मतदान केंद्र पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी ताकि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

हालांकि, इन तैयारियों के बीच रोसड़ा थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय भिरहा पूरब मतदान केंद्र से लापरवाही का एक मामला सामने आया। यहां गश्ती दल में शामिल एक पुलिस पदाधिकारी मतदान केंद्र परिसर में ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते हुए देखे गए।
मतदान केंद्र पर उस समय मतदान जारी था और सुरक्षाकर्मी की इस लापरवाही से मतदाताओं में असंतोष देखा गया। सोते पाए गए पुलिस पदाधिकारी की पहचान बसंत कुमार टुड्डू के रूप में हुई, जो उजियारपुर थाना में पीटीसी के रूप में पदस्थापित हैं।
मतदाताओं और कर्मचारियों के अनुसार, इस घटना से मतदान केंद्र पर सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हुई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

