गोपालगंज, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल था। पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे थे। इसी कड़ी में नगर थाने की पुलिस ने गुरुवार की रात विशेष अभियान चलाकर 17 युवकों को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से चाकू,धारदार हथियार और कड़ा आदि बरामद किया गया है। सभी आरोपी जिले के अलावा सीवान मोतिहारी के अलग-अलग मोहल्लों और वार्डों के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि ये युवक धारदार हथियार लेकर शहर में थोड़ा सा विवाद पर घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। ये समूह बनाकर घूमते थे और छोटे-छोटे विवादों में मारपीट व चाकूबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

एसपी ने बताया कि लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस की कई टीमें बनाई गई थीं। जिस दौरान नगर थाने के कैथवलिया गांव निवासी बब्लू पटेल,नया टोला रजोखर गांव का रोहन कुमार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के हरिन्दा के राकेश कुमार यादव व अनूप कुमार यादव,बनिया छापर के हरकेस यादव,सासामुसा के लकी मिश्रा,मांझागढ़ फुलवरिया गांव निवासी जुनैद अली,धरम परसा के प्रिंस कुमार,अहिरवालिया के सचिन कुमार, उचकागांव धर्मन टोला के प्रिंस कुमार,योगना गांव निवासी बिट्टू कुमार,थावे के मीरअलीपुर के दीपू कुमार,बरौली के सिसई के अरबाज अली,हथुआ के भरतपुर थापा के अतुल कुमार साह,मीरगंज सवरेजी के राजन कुमार व मोतिहारी पिपराकोठी के मठिया गांव निवासी प्रिंस कुमार, सीवान के जामो बाजार निवासी विशाल कुमार आदि शामिल हैं। गश्ती के दौरान पुलिस पूजा पंडालों में इनकी जांच की जहां इनके पास से हथियार आदि बरामद किया गया। जिनके पास से पकड़ी गई है उन्हीं आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार युवकों की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे है। वही सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में पुलिस ने भेज दिया है। एसपी ने साफ कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी व्यक्ति शांति-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा,उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

