भागलपुर, 2 सितंबर (अशोक “अश्क”) देश की सबसे आधुनिक और तेज़ गति वाली ट्रेन मानी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई है। सोमवार शाम को जमालपुर से हावड़ा जा रही वंदे भारत ट्रेन के सी-4 कोच पर पथराव की घटना हुई, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई।

घटना शाम करीब 5:15 बजे की है, जब ट्रेन बाराहाट के मंदारहिल स्टेशन के समीप पंजवारा क्रॉसिंग के पास से गुजर रही थी। अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर ताबड़तोड़ पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में ट्रेन की इमरजेंसी विंडो का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि दो अन्य खिड़कियों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। सौभाग्य से इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। आरपीएफ मालदा एएससी असीम कुमार कुल्लू ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए टीम गठित की गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत ट्रेन को निशाना बनाया गया है। बीते 60 दिनों में यह पांचवीं घटना है जब ट्रेन पर इस तरह से पथराव किया गया है। इससे पहले भी विभिन्न स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा वंदे भारत एक्सप्रेस को क्षति पहुँचाने की कोशिश की गई है, लेकिन ठोस कार्रवाई अब तक सामने नहीं आई है।
रेलवे प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि ट्रेन पर पथराव जैसी घटनाएं न करें, क्योंकि इससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है। इसके बावजूद ऐसे मामले बार-बार सामने आना चिंता का विषय बन गया है। इन घटनाओं से न केवल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं, बल्कि रेलवे की प्रतिष्ठा और देश की बुलेट ट्रेन परियोजनाओं पर भी असर पड़ता है।
स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से अपेक्षा की जा रही है कि इस बार केवल जांच-पड़ताल की खानापूर्ति न हो, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।

