समस्तीपुर, 27 सितम्बर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को संत कबीर महाविद्यालय में पीठासीन पदाधिकारी एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

दो पालियों में संपन्न इस प्रशिक्षण में कुल 2708 मतदान पदाधिकारियों ने भाग लिया। पहली पाली में 1357 जबकि दूसरी पाली में 1351 अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की सूक्ष्म जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान के हर चरण को बेहतर ढंग से समझाना और पदाधिकारियों को वास्तविक स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार करना था।

प्रशिक्षण में मॉक पोल का अभ्यास, ईवीएम की सीलिंग की प्रक्रिया, वास्तविक मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली विधियों, विशेष परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता, विभिन्न प्रपत्रों की सही भराई तथा मतदान सामग्री के सुरक्षित संधारण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से प्रपत्र 17-सी के अभ्यास पर विशेष जोर दिया गया।
सभी मतदान पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अगले प्रशिक्षण सत्र में वे कैमरे के समक्ष 100-100 मॉक पोल कर प्रपत्रों को भरने का अभ्यास करेंगे। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की समझ और दक्षता की जांच के लिए परीक्षा भी ली गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नोडल पदाधिकारी विजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) मो. जमालुद्दीन, मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव व अन्य मास्टर ट्रेनरों द्वारा किया गया। सहयोग में अजय कुमार ठाकुर, दिलीप कुमार सिंह और संतोष कुमार चौधरी शामिल रहे।

