समस्तीपुर, 28 सितंबर (राजेश झा) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर रविवार को रेलवे सामुदायिक भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में 400 सेक्टर पदाधिकारियों को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान डीएम ने रैंडम रूप से सवाल पूछकर सेक्टर पदाधिकारियों की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, संवेदनशील बूथों की निगरानी, ईवीएम-वीवीपैट की कमिशनिंग और सूचना आदान-प्रदान की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही उन्होंने प्री-पोल, ड्यूरिंग पोल और पोस्ट-पोल कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील दायित्व है, जिसे पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता से निभाना जरूरी है। उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों का बार-बार निरीक्षण करने और संभावित समस्याओं की सूची बनाकर उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर डीडीसी शैलजा पांडेय, नोडल पदाधिकारी विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, एसडीएम दिलीप कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी मतदान केंद्रों के नोडल अधिकारी के रूप में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।

