पटना, 14 अक्टूबर (पटना डेस्क) आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर पटना जिला प्रशासन सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। मंगलवार को संत कबीर महाविद्यालय परिसर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर 1800 पीठासीन पदाधिकारियों के लिए व्यापक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण दो सत्रों में हुआ, जिसमें प्रत्येक सत्र में 900-900 अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। ईवीएम और वीवीपैट संचालन की पूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ सभी अधिकारियों से 100-100 मॉक पोल कराए गए। इन मॉक पोल में ईवीएम, वीवीपैट पर्ची और मैनुअल गिनती के परिणाम पूरी तरह समान पाए गए, जिससे अधिकारियों को आत्मविश्वास प्राप्त हुआ।

प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण पीठासीन अधिकारियों को त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया गया है। प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण वरिष्ठ अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स द्वारा किया गया। सभी ने प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए चुनाव दिवस पर सटीकता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

