समस्तीपुर, 7 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में आज निवर्तमान प्राचार्या प्रो. सुनीता सिन्हा के सम्मान में एक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर एक भावनात्मक और गरिमामय माहौल से भर उठा। कार्यक्रम में प्रो. सिन्हा के शैक्षणिक, प्रशासनिक और मानवीय योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

बर्सर डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रो. सिन्हा के कुशल नेतृत्व में कॉलेज ने स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई की स्वीकृति प्राप्त की, जो उनके दूरदर्शी सोच और अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने शिक्षण और प्रशासन के बीच संतुलन कायम रखते हुए संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
नवप्राचार्य प्रो. अरुण कुमार कर्ण ने उन्हें एक आदर्श शिक्षाविद् और प्रशासक बताते हुए कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा, सादगी और नेतृत्व क्षमता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
छात्राओं ने भी प्रो. सिन्हा को “प्रेरणा स्रोत” बताते हुए कहा कि वे केवल एक प्राचार्या नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक रही हैं।
प्रो. सुनीता सिन्हा ने भावुक स्वर में कहा, “वीमेंस कॉलेज मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। यहाँ बिताए हर क्षण मेरे लिए यादगार हैं।” उन्होंने सभी सहयोगियों और छात्राओं को धन्यवाद देते हुए कॉलेज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का समापन स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ और केक काटकर भावभीनी विदाई के साथ हुआ।

