समस्तीपुर, 02 दिसंबर (राजेश झा) आज वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अग्रिम जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन समाजशास्त्र विभाग के तत्वाधान में किया गया और इसकी अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य प्रोफेसर अरूण कुमार कर्ण ने की। जयंती 03 दिसंबर को है, लेकिन अवकाश के कारण इसे आज मनाया गया।

प्रो. अरूण कर्ण ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद को ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ बताया। समाज विभागाध्यक्ष रंजन कुमार ने उन्हें सरल और त्यागी व्यक्तित्व वाला बताया। डॉ. सनी सलोनी ने उनके सादे जीवन और उच्च विचारों को सम्मानित किया। डॉ. सुरेश साह ने उन्हें स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद और गांधीवादी देशभक्त बताते हुए उनके सरल और पूर्ण व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने उनके नैतिक मूल्य और सरल जीवनशैली की सराहना की।डॉ. नेहा कुमारी जायसवाल और डॉ. शालिनी ने उनके बचपन और अध्ययन की प्रेरक घटनाओं पर चर्चा की। अवकाश प्राप्त डॉ. बी. राम ने उन्हें बहुआयामी व्यक्तित्व वाला बताया। प्रज्ञा, पलक, पिंकी सहित अन्य छात्राओं और डॉ. मृत्युञ्जय ठाकुर, डॉ. स्वीटी कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सभी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया।

