नई दिल्ली, 11 नवम्बर (अशोक “अश्क”) 14 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारत की टीम के लिए टी20 मैच खेलते नजर आएंगे। राइजिंग स्टार्स एशिया कप 14 नवंबर से शुरू हो रहा है, और इस टूर्नामेंट के लिए इंडिया ए की टीम में वैभव को जगह मिली है। यह पहला मौका होगा जब वह नीली जर्सी में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं की उनसे काफी उम्मीदें हैं, उनकी स्किल्स और प्रदर्शन को देखते हुए।

वैभव ने अपने टी20 करियर की शुरुआत बिहार की तरफ से की थी। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राजस्थान के खिलाफ पहला मैच खेला और 13 रन बनाए। इसके बाद IPL 2025 में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने 20 गेंदों में 34 रन का शानदार योगदान दिया। अब वे इंडिया ए के लिए नीली जर्सी में मैदान में उतरेंगे।
नीली जर्सी में वैभव का पहला मैच टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भारत और यूएई के बीच खेला जाएगा। इससे पहले वैभव ने भारत की अंडर-19 टीम के लिए वनडे मैच खेले हैं, लेकिन टी20 में यह उनका पहला अनुभव होगा।
वैभव सूर्यवंशी ने अब तक कुल 8 टी20 मुकाबले खेलते हुए 207.03 की स्ट्राइक रेट से 265 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है। बिहार के लिए डेब्यू पर 13 रन और IPL में 34 रन के बाद अब सबकी निगाहें इस युवा स्टार पर हैं कि वह इंडिया ए के लिए डेब्यू करते हुए कितना बड़ा स्कोर कर पाएंगे।

