समस्तीपुर, 07 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) उत्तर बिहार की शान मानी जाने वाली वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब अपने नाम के अनुरूप तेज रफ्तार ट्रेन नहीं रह गई है। मंत्रालय ने इस ट्रेन को सुपरफास्ट की कैटेगरी से बाहर कर दिया है। आज 7 दिसंबर 2025 से यह ट्रेन नए नंबर 15565/66 के साथ साधारण एक्सप्रेस के रूप में पटरी पर दौड़ेगी। इसके साथ ही यात्रियों को अब 25 रुपए कम किराया देना होगा।

पहले समस्तीपुर से दिल्ली तक स्लीपर क्लास का किराया 555 रुपए था, जो अब घटकर 530 रुपए हो गया है।रेलवे मीडिया प्रभारी आरके सिंह के अनुसार, नया नंबर जारी होते ही रिजर्वेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि इस ऐतिहासिक ट्रेन की शुरुआत 31 अक्टूबर 1973 को ‘जयंती जनता एक्सप्रेस’ के नाम से हुई थी, जिसका उद्घाटन तत्कालीन रेल मंत्री **ललित नारायण मिश्र** ने किया था। उस वक्त यह ट्रेन समस्तीपुर से चलकर बरौनी, मोकामा, पटना होते हुए नई दिल्ली पहुंचती थी।बड़ी लाइन बनने पर इसका नाम बदलकर वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस किया गया और इसका रूट समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर मार्ग पर कर दिया गया। करीब तीन वर्ष पूर्व राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते इसे सहरसा और बाद में ललित ग्राम स्टेशन से संचालित किया जाने लगा। यात्रियों का कहना है कि रूट परिवर्तन और रखरखाव की कमी से यह ट्रेन अपनी पुरानी पहचान से भटक गई है, और अब स्थिति पहले जैसी नहीं रही।

