
नालंदा, 22 दिसंबर (अविनाश पाण्डेय) जिले के कल्याण विगहा थाना क्षेत्र में लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए लाइनर की भूमिका निभाने वाले अपराधी सहित उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने उनके पास से लूट की रकम, हथियार और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।घटना 21 दिसंबर 2025 की है, जब बराह जाने वाली सड़क के पास बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने बराह गांव निवासी सिंटू कुमार से हथियार के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए थे। मामला सामने आते ही SDPO-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर पीड़ित के मित्र दीपक कुमार को हिरासत में लिया। उसके एंड्रॉयड मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप कॉल के अहम सुराग मिले। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया और बताया कि उसी ने व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए लूट की योजना बनाई थी।पुलिस ने दीपक लाल सहित शिव शंकर कुमार उर्फ दुर्लभ कश्यप, बिट्टू कुमार और प्रफुल्ल कुमार को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 72 हजार नकद, एक देसी पिस्टल, मोबाइल और बाइक बरामद हुई। इस कार्रवाई में कई थानों की पुलिस की अहम भूमिका रही।

