समस्तीपुर, 28 सितंबर (राजेश झा) शहर के मोहनपुर रोड स्थित श्रीलेदर्स शोरूम में हाल ही में हुई चोरी की घटना को लेकर स्थानीय विधायक सह बिहार विधान सभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने, एक टास्क फोर्स के गठन और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

विधायक शाहीन ने कहा कि समस्तीपुर जिले में लगातार आपराधिक घटनाओं में इजाफा हो रहा है, जिससे आम नागरिकों और खासकर व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि दिनदहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि श्रीलेदर्स शोरूम से चोरी गई नकद राशि और सामान को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और शहर की कानून व्यवस्था को सख्ती से दुरुस्त किया जाए।

