समस्तीपुर, 15 दिसम्बर (राजेश झा) शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत सभी प्रारंभिक विद्यालयों में सोमवार से कक्षा एक से आठ तक की त्रैमासिक मूल्यांकन विधिवत शुरू हो गई। पहले दिन विद्यालयों में बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली। सभी स्कूलों में मूल्यांकन कार्य शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया, जिससे शिक्षकों और अभिभावकों में संतोष का माहौल रहा।

प्रथम दिन कक्षा एक और दो के बच्चों का भाषा विषय (हिन्दी/उर्दू) का मौखिक मूल्यांकन किया गया। बच्चों से कविता, शब्द पहचान और सरल प्रश्नोत्तर के जरिए उनकी भाषा दक्षता परखी गई। वहीं कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण अध्ययन विषय की लिखित परीक्षा ली गई। कक्षा छह से आठ के छात्रों ने सामाजिक अध्ययन विषय की लिखित मूल्यांकन में भाग लिया।

प्रखंड के सभी प्रारंभिक व मध्य विद्यालयों में परीक्षा सुचारू रूप से चली। इस दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रामजनम सिंह ने कई विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मूल्यांकन पारदर्शी व निष्पक्ष हो तथा बच्चों पर किसी तरह का मानसिक दबाव न डाला जाए। शिक्षकों के अनुसार, इस मूल्यांकन से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा।

