समस्तीपुर (अशोक “अश्क”) जिले के शिवाजीनगर प्रखंड के एक गाँव में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार बच्ची के परिजनों से मिलने मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी का एक प्रतिनिधिमंडल पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह की जघन्य घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार को कठोर और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने शिवाजीनगर थाना प्रभारी से मुलाकात कर अपराधियों के विरुद्ध अविलंब कुर्की-जप्ती समेत कड़ी कार्रवाई की माँग की। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज़ी से जारी है और जल्द ही परिणाम सामने आएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
घटना के दिन सुबह ही शिवाजीनगर प्रखंड कांग्रेस कमिटी की ओर से एक टीम ने अनुसूचित जाति कल्याण विभाग से बच्ची को सहायता राशि दिलवाने की पहल की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मोहम्मद अबु तमीम ने किया। इस दल में उपाध्यक्ष देवेंद्र नारायण झा, पूर्व एससी विभाग अध्यक्ष कामेश्वर पासवान, महासचिव नंद कुमार चौधरी, प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से माँग की कि पीड़िता को त्वरित न्याय मिले और ऐसे मामलों में दोषियों को सख्त सजा दी जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें अकेला नहीं छोड़ेंगे।

