नई दिल्ली, 21 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की दिवंगत अदाकारा श्रीदेवी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और अभिनय की चमक आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है। अपने करियर में श्रीदेवी ने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी भी थीं जिन्हें उन्होंने ठुकरा दिया और वो बाद में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं। ऐसी ही एक फिल्म थी 1992 में रिलीज हुई ‘बेटा’, जिसे श्रीदेवी ने करने से मना कर दिया था।

‘बेटा’ के निर्देशक इंद्र कुमार ने एक इंटरव्यू में बताया था कि यह फिल्म पहले श्रीदेवी के पति बोनी कपूर प्रोड्यूस कर रहे थे और इसमें लीड रोल के लिए उन्होंने श्रीदेवी को कास्ट किया था। लेकिन श्रीदेवी ने इस फिल्म को करने से इनकार कर दिया। कारण? फिल्म में उनके देवर अनिल कपूर लीड रोल में थे और श्रीदेवी अपने देवर के साथ रोमांटिक किरदार निभाने में सहज नहीं थी।

श्रीदेवी के मना करने के बाद यह रोल गया माधुरी दीक्षित के पास, जिन्होंने इस मौके को लपक लिया। फिल्म ‘बेटा’ रिलीज होते ही सुपरहिट हो गई और 23.50 करोड़ रुपये का बिजनेस कर उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।
फिल्म ने 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीते। बेस्ट एक्टर (अनिल कपूर), बेस्ट एक्ट्रेस (माधुरी दीक्षित), बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर (अरुणा ईरानी), बेस्ट प्लेबैक सिंगर (अनुराधा पौडवाल) और बेस्ट कोरियोग्राफी (सरोज खान)।
गौरतलब है कि यह फिल्म तमिल फिल्म ‘Enga Chinna Rasa’ की हिंदी रीमेक थी। दिलचस्प बात ये है कि श्रीदेवी ने इससे पहले ‘मिस्टर इंडिया’, ‘जुदाई’, ‘लाडला’ और ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ जैसी फिल्मों में अनिल कपूर के साथ स्क्रीन शेयर किया था, लेकिन ‘बेटा’ में रोमांटिक लीड बनने से उन्होंने इनकार कर दिया था।

