समस्तीपुर, 17 सितंबर ( मोहम्मद जमशेद) स्थानीय बीजेपी नेताओं ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच बीजेपी के चाणक्य माने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य का चुनावी दौरा शुरू कर दिया है। यह दौरा गृह मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि पार्टी के चुनावी रणनीतिकार के तौर पर किया जा रहा है।

हालांकि राजनीतिक हलकों में यह अटकलें थीं कि शाह सीट बंटवारे और प्रत्याशियों पर चर्चा करेंगे, लेकिन उनका असली एजेंडा संगठन की मजबूती और एनडीए सहयोगियों के साथ तालमेल बनाना है।
शाह की यात्रा के दो मुख्य पड़ाव हैं—सासाराम के डेहरी-ऑन-सोन में ललन सिंह स्टेडियम और बेगूसराय के रिफाइनरी टाउनशिप खेल मैदान। इन बैठकों में संबंधित क्षेत्रों के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे।
शाह नेताओं को दो प्रमुख संदेश देंगे:
- केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाकर उसे चुनावी लाभ में बदलना।
- एनडीए में गहराती गुटबाजी और समन्वय की कमी को खत्म करना।
बीते कुछ सम्मेलनों में दिखी अंतर्कलह से पार्टी नेतृत्व चिंतित है, और शाह की यह यात्रा उसी सन्दर्भ में अहम मानी जा रही है।
शाह इस बार न तो सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे, न ही प्रत्याशियों के नामों पर। लेकिन मौजूदा विधायकों का रिपोर्ट कार्ड जरूर देखा जाएगा।
यह संकेत है कि बीजेपी पहले संगठन को मज़बूत करेगी, फिर सहयोगियों के साथ तालमेल बनाएगी और अंत में प्रत्याशियों पर फैसला लेगी। यह रणनीति बीजेपी की 2025 की चुनावी तैयारी की स्पष्ट दिशा तय करती है।

