समस्तीपुर, 07 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) रोसड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में मोबाइल दुकानदार उपेश कुमार (27) की मौत से इलाके में तनाव फैल गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।मृतक की पहचान वार्ड 10 निवासी गंगासागर साह के पुत्र उपेश कुमार के रूप में हुई है। उपेश मब्बी चौक पर मोबाइल दुकान चलाने के साथ वीडियोग्राफी का काम भी करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं—एक 3 साल का बेटा और दूसरा मात्र एक साल का। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। बाद में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली।परिवार वाले उसे पहले एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। बेगूसराय ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझाकर जाम हटवाया। थानाध्यक्ष लाल बाबू ने बताया कि लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

