
बक्सर, 2 फरवरी (विक्रांत) बक्सर जिले के चर्चित दुल्लहपुर गांव में नव निर्मित सत्य के प्रतीक भगवान भास्कर यानी सूर्य नारायण मंदिर में आगामी 6 फरवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया है।
एक फरवरी को श्री महालक्ष्मी नारायण महायज्ञ की विधिवत शुरुआत जलभरी कलश शोभा यात्रा के साथ हुई, जिसने गांव से लेकर आसपास के इलाकों को अध्यात्म के रंग में रंग दिया। कलश शोभा यात्रा सिमरी पश्चिमी क्षेत्र की जिला पार्षद आरती सिंह देवी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं एवं धर्मानुरागी पुरुषों द्वारा निकाली गई।

यह यात्रा दुल्लहपुर गांव का परिभ्रमण करते हुए भगवान सूर्य नारायण मंदिर परिसर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत स्वामी हरि प्रपन्नाचार्य महाराज के सान्निध्य में मंत्रोच्चारण के साथ श्री महालक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ।

महायज्ञ के दौरान “सत्य के प्रतीक भगवान सूर्य नारायण की जय” के जयघोष से पूरा दुल्लहपुर, सिमरी, बलिहार एवं आसपास का क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर बतौर मुख्य यजमान दुल्लहपुर निवासी एवं आईआईटी पटना के निदेशक डॉ. पी. एन. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गौरव प्रदान किया।सिमरी अंचल का यह एकमात्र सूर्य मंदिर क्षेत्र में आस्था का केंद्र बन चुका है।

प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ के आयोजन को लेकर गठित समिति में पूर्व मुखिया सह जिला पार्षद पति सुनील कुमार सिंह, विंध्याचल सिंह, भोला सिंह, डीएन सिंह, गुंजन सिंह, मृत्युंजय सिंह, नीरज कुमार सिंह सहित कई गणमान्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति के अनुसार 8 फरवरी को विशाल भंडारे का आयोजन सुनिश्चित है।

