नई दिल्ली, 9 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) हरियाणवी डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अपनी जिंदगी से जुड़े कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने अपने संघर्ष, विवादों और निजी दर्द के साथ-साथ पवन सिंह और अंजलि राघव के विवाद पर भी खुलकर बात की। सपना ने अंजलि के विरोध को बेतुका बताते हुए कहा कि अगर किसी चीज से असहजता हो तो उसी वक्त आवाज उठानी चाहिए।

पॉडकास्ट में सपना चौधरी ने कहा कि वह विवादों की आदी हो चुकी हैं। उनके खिलाफ 35 मुकदमे चल रहे हैं और जहां जाती हैं, विवाद उनका पीछा करते हैं। अपने जीवन के कठिन दौर को याद करते हुए सपना ने बताया कि वह पांच बार मौत से लड़ चुकी हैं। एक बार उन्हें गोली लगी थी, दो बार उनके बच्चों की हालत जन्म के वक्त गंभीर थी, एक बार एप्टोमिक सर्जरी हुई और एक बार स्टेज पर परफॉर्म करते समय उनकी ट्यूब ब्लास्ट हो गई थी। उन्होंने यह भी स्वीकारा कि एक बार उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी।

पवन सिंह और अंजलि राघव के लखनऊ स्टेज विवाद पर उन्होंने कहा, “अगर आपको कुछ गलत लगता है तो तुरंत बोलिए। बाद में कहने से कोई फायदा नहीं। यह कहना कि सामने वाला फेमस है, इसलिए उस वक्त कुछ नहीं कहा, ये गलत है।”
सपना ने पवन सिंह के साथ अपने अनुभव को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा, “जब मैंने पवन सिंह के साथ गाना किया, तो कुछ लाइनें मुझे ठीक नहीं लगीं। मैंने उन्हें कहा और उन्होंने तुरंत वो लाइनें हटा दीं। नया वर्जन डब करवाया गया।”
बता दें, अंजलि राघव और सपना चौधरी दोनों ही हरियाणा की चर्चित डांसर हैं। सपना कई बार अंजलि के हिट गाने ‘सॉलिड बॉडी’ पर स्टेज पर परफॉर्म कर चुकी हैं। विवाद के दौरान यह गाना भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
सपना की यह बातचीत उनके फैंस के लिए एक बार फिर उनकी जुझारू और स्पष्टवादी छवि को सामने लाती है।

