
बक्सर, 11 फरवरी (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी जिला बक्सर द्वारा बुधवार, 11 फरवरी 2026 को अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में महान राष्ट्रवादी चिंतक और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि “समर्पण दिवस” के रूप में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन महामंत्री लक्ष्मण शर्मा ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने स्वागत भाषण में उनके विचारों को आज की राजनीति की दिशा बताया।मुख्य अतिथि अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय (25 दिसंबर 1916 – 11 फरवरी 1968) के संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन और उनके दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद मानव को केवल भौतिक इकाई नहीं, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का समन्वित स्वरूप मानता है।

उनका अंत्योदय का सिद्धांत समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान पर आधारित है। उन्होंने पूंजीवाद और साम्यवाद से अलग भारतीय संस्कृति, स्वदेशी और नैतिक मूल्यों पर आधारित राज्य की परिकल्पना प्रस्तुत की।कार्यक्रम के अंत में कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मिठाई सिंह ने समापन भाषण दिया। मौके पर शिवजी खेमका, मनोज पांडेय, निर्भय राय, संध्या पांडेय, प्रिया राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

