समस्तीपुर, 19 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर शहर स्थित यू.एन. पैलेस में शुक्रवार को समस्तीपुर केंद्रीय सहकारिता बैंक की वार्षिक आम सभा 2025 का आयोजन भव्य रूप से किया गया। समारोह की शुरुआत दरभंगा के संयुक्त निबंधक विकास कुमार बरियार द्वारा सहकारिता ध्वज फहराकर की गई। अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष सुनील कुमार और धन्यवाद ज्ञापन प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गुप्ता ने किया।

मुख्य अतिथि सह बिस्कोमान अध्यक्ष विशाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर आम सभा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पैक्स किसानों के कल्याण में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बिहार के ग्रामीण विकास में सहकारिता व्यवस्था की अहम भूमिका रही है।
सभा में बीते वर्ष की कार्यवाही की पुष्टि, वार्षिक प्रतिवेदन, तुलन पत्र, आय-व्यय अनुमोदन, बजट की स्वीकृति, अंकेक्षण रिपोर्ट, विभिन्न बैंकों से प्राप्त ऋण का अनुमोदन जैसे प्रस्तावों को पारित किया गया।
अपने अध्यक्षीय भाषण में विनोद कुमार राय ने बताया कि बैंक ने 44 वर्षों की यात्रा पूरी की है और यह निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि बैंक ने मोबाइल बैंकिंग ऐप लॉन्च किया है और सावधिक अंकेक्षक द्वारा बैंक को A ग्रेड प्राप्त हुआ है।
बैंक की कैपिटल राशि ₹954 करोड़ तक पहुँच चुकी है, जो पिछले वर्ष से ₹84 लाख अधिक है। पैक्स कम्प्यूटरीकरण, ग्रीन पार्क योजना तथा सहकार भवन निर्माण जैसे कई कार्य प्रगति पर हैं।
इस अवसर पर जिले भर के पैक्स अध्यक्ष, सहकारिता पदाधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

