पटना, 9 अक्तूबर (पटना डेस्क) समाज सेवा और डाक सेवा के क्षेत्र में अपने अभूतपूर्व योगदान के लिए समस्तीपुर प्रधान डाकघर के पूर्व जनसंपर्क निरीक्षक डॉ. शैलेश कुमार सिंह को ‘राष्ट्र विभूति सम्मान 2025’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 2 नवम्बर 2025 को उत्तराखंड के रुड़की स्थित फोनिक्स यूनिवर्सिटी में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम योगेश शिक्षा, कला, संस्कृति, पर्यावरण उत्थान ट्रस्ट और फोनिक्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

डॉ. शैलेश ने डाक सेवा को समाज सेवा से जोड़ते हुए कई नवाचार किए, जिनमें ‘पोस्टल हेल्पलाइन ऑन मोबाइल सेवा’, ‘डाक शिविर कार्यक्रम’, ‘जनसंपर्क निरीक्षक आपके द्वार’, ‘भारतीय डाक आपकी सेवा में’ और ‘डाक दर्शन कार्यक्रम’ प्रमुख हैं। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने हजारों पीड़ितों के लिए बैंक खाता खुलवाकर उन्हें सरकारी सहायता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
डॉ. शैलेश को पहले भी ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2025’, ‘स्वर्ण भारत सम्मान’, ‘नेशनल आइकॉन अवार्ड’ सहित तीन दर्जन से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर उन्हें यह नया सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
इस खबर के सामने आते ही समस्तीपुर सहित पूरे बिहार में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों में गौरव कुमार, डॉ. दीपक कुमार सिंह, रौशन चौधरी, प्रो. जितेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, केशव झा सहित दर्जनों लोग शामिल हैं।

