समस्तीपुर(अशोक “अश्क”) शहर के मगरदही घाट स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। सूर्योदय होते ही मंदिर परिसर में बाबा गणिनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा मंदिर परिसर “बाबा गणिनाथ की जय” के जयकारों से गूंज उठा।

इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्होंने सुप्ती मौनी व्रत के तहत नैवेद्य अर्पित कर अपने कुलदेवता की पूजा की। इसके साथ ही चौदह देवी-देवताओं का पूजन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

समारोह की शुरुआत मध्यदेशीय वैश्य कानू संघ के संयोजक विनोद कुमार गुप्ता द्वारा कुलदेवता के ध्वजारोहण के साथ हुई। इस पावन अवसर पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने भी मंदिर पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद समारोह में दिवंगत समाजसेवियों स्व. रामचन्द्र प्रसाद चौधरी एवं स्व. त्रिवेणी साह की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक सुरेश व्यास और सुमन कुमारी समेत अन्य कलाकारों ने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

मंदिर के बाहर मेले का रूप दिया गया, जिसमें भोजन, झूला, चिकित्सा, पेयजल और ठहरने की बेहतर व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में विनोद कुमार गुप्ता, राम ईश्वर साह, प्रो. जितेन्द्र प्रसाद, डॉ. अमित कुमार मुन्ना समेत कानू समाज के दर्जनों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।

