समस्तीपुर, 05 दिसम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर एवं जन सुराज पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामबालक पासवान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। वायरल क्लिप में उप-मेयर के बगल में एक महिला डांसर को नाचते हुए और आसपास मौजूद लोगों को कथित रूप से शराब पीते देखा जा रहा है। कहा जा रहा है कि यह वीडियो किसी निजी मांगलिक कार्यक्रम का है, जो वारिसनगर थाना क्षेत्र में आयोजित किया गया था।

वीडियो में देखा जा सकता है कि डांसर उप-मेयर के बिल्कुल समीप बैठकर प्रस्तुति दे रही है। शुरुआत में डिप्टी मेयर थोड़े असहज दिखाई देते हैं, लेकिन कुछ ही क्षणों बाद सामान्य होते नजर आते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति को हाथ में शराब की बोतल लिए उपस्थित लोगों को परोसते और साथ-साथ नाचते भी देखा गया है। पासवान के पास बैठे कई शख्स भी कथित रूप से शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य दृश्य में डिप्टी मेयर अपने पर्स से किसी को पैसे देते हुए दिखते हैं। वीडियो सामने आते ही लोग इसे जनप्रतिनिधि की मर्यादा से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।
रामबालक पासवान, जिन्होंने पिछला विधानसभा चुनाव कल्याणपुर सीट से जन सुराज पार्टी के टिकट पर लड़ा था, अब इस विवाद के केंद्र में हैं। उनके विरोधियों ने इस वीडियो को मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है, जबकि समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं।
वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी मेयर ने कहा कि “शराब या डांसर से मेरा कोई संबंध नहीं है। मैं एक मांगलिक कार्यक्रम में अतिथि के रूप में गया था। किसी ने जानबूझकर वीडियो बनाकर गलत अर्थ में वायरल कर दिया है।”
फिलहाल, वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

