समस्तीपुर(अशोक “अश्क”) जिले के पुलिस लाइन परिसर में रविवार को नवनियुक्त सिपाहियों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस अभियान में सैकड़ों सिपाहियों ने भाग लिया और परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। सुबह से ही सिपाही हाथों में झाड़ू, कचरा उठाने के उपकरण और सफाई सामग्री लेकर पुलिस लाइन परिसर में जुट गए। उन्होंने पूरे परिसर में झाड़ू लगाई और आसपास फैले कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थल पर निस्तारित किया। इस दौरान सिपाहियों में उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

नवनियुक्त सिपाहियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि वे न केवल जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। पुलिस लाइन में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के महत्व को समझाना और इसे व्यवहार में लाना था। सिपाहियों ने यह संदेश दिया कि साफ-सफाई केवल सफाई कर्मियों की ही जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक को इसमें योगदान देना चाहिए। इधर, जिले के अन्य सभी थानों में भी पुलिसकर्मियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में जवानों ने न केवल कार्यालय परिसर, बल्कि आवासीय परिसर की भी सफाई कर स्वच्छ थाना, सुरक्षित समाज का संदेश दिया। जवानों ने श्रमदान कर यह साबित कर दिया कि पुलिस बल न केवल सुरक्षा बल्कि समाज निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

