समस्तीपुर, 21 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के एक निजी शिक्षण संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर रविवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने की, जबकि संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने किया। विषय प्रवेश उत्कर्ष बैंक के वरीय प्रबंधक रवि आनंद और धन्यवाद ज्ञापन पटना बी.डी. कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. रजनीश कुशवाहा ने प्रस्तुत किया।

स्थानीय विधायक एवं बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस सभी देशों और लोगों के बीच शांति के आदर्शों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण दिन है। 2025 का विषय “शांतिपूर्ण विश्व के लिए अभी कार्य करें” है।
उन्होंने शांति की संस्कृति को बढ़ावा देने, हिंसा समाप्त करने और न्याय, समानता तथा आशा को बढ़ावा देने के लिए एकजुट होने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान, मानवाधिकारों के संरक्षण और भेदभाव के खिलाफ मिलकर काम करने का आह्वान किया।

