समस्तीपुर, 09 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार, अशोक प्रियदर्शी ने शनिवार को समस्तीपुर कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह और उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान श्री प्रियदर्शी ने स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी राय और फीडबैक प्राप्त किया।
उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए और आश्वस्त किया कि चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया और अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
श्री प्रियदर्शी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम की निगरानी लगातार की जाए और किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।

