समस्तीपुर, 21 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने रविवार को समस्तीपुर के बजरंगी चौक स्थित ई-डॉक्टर टेलीमेडिसिन सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मंत्री ने कहा कि यह अभिनव पहल बिहार सरकार की स्वास्थ्य नीति को मजबूती प्रदान करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवा से जोड़ेगी।

मंत्री चौधरी ने कहा कि ई-डॉक्टर टेलीमेडिसिन के माध्यम से अब ग्रामीणों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकों की राय और परामर्श मिल सकेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह प्रणाली अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
इस मौके पर व्यवस्थापक समाजसेवी पंकज कुमार सिंह ने मंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल व चादर भेंट कर किया। कार्यक्रम में जदयू प्रदेश सचिव धीरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत सिंह टुनटुन, भाजपा नेता संजय कुमार सिंह, युवा जदयू जिलाध्यक्ष विशाल कुमार, कवि गणेश गिरी, शैलेन्द्र सिंह पिंटू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

