समस्तीपुर, 19 नवम्बर (मोहम्मद जमशेद) आज बुधवार को समस्तीपुर जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वाधान में भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री, आयरन लेडी एवं प्रखर राष्ट्रनायिका स्व. श्रीमती इन्दिरा गांधी की 108वीं जयंती बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. इन्दिरा गांधी के तैल-चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करके की गई। उपस्थित नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनके संघर्ष, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रनिर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री अबू तमीम ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इन्दिरा जी ने हमेशा गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके नेतृत्व और नीतियाँ भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और सामाजिक समरसता की पहचान हैं। श्री तमीम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाएँ और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
इस अवसर पर ज़िला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष देवेंद्र नारायण झा, कामेश्वर पासवान, विश्वनाथ सिंह हज़ारी, महासचिव मुकेश कुमार चौधरी, राम विलास राय, आशीष कुमार, कामिनी कुमारी, रंजना कुमारी, प्रमोद कुमार सिंह, अवधेश कुमार, मो० तारीक, राम शंकर राय, मो० फ़ैयाज़, शमीमा फरहत, स्वाती कुमारी, मो० शहाबुद्दीन सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने इन्दिरा गांधी के आदर्शों और उनके राष्ट्रहित के कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

